सियोल, 11 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया में मिडल ईस्ट रेस्परटोरी सिंड्रोम (मर्स) के गुरुवार को 14 नए मामले सामने आए, जिसके बाद इस बीमारी से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 122 हो गई है। हालांकि इस बीमारी से कोई नई मौत नहीं हुई है और इसलिए इससे मरने वालों की संख्या अब भी नौ बनी हुई है। यहां मर्स का पहला मामला 20 मई को प्रकाश में आया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मर्स के जो 14 नए मामले सामने आए हैं, उनमें से एक 39 वर्षीया गर्भवती महिला है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्रालय से जारी बयान में कहा गया है कि ताजा मामलों में से आठ सियोल स्थित सैमसंग मेडिकल सेंटर में सामने आए हैं, जहां इसके पीड़ितों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।
संक्रमण का एक अन्य मामला ग्योंगी प्रांत के ह्वासियोंग स्थित हैलिम यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर से सामने आया, जहां पीड़ितों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
मंत्रालय हालांकि यह पता लगाने में नाकाम रहा है कि संक्रमण के पांच अन्य मामले कहां से सामने आए हैं।
dharmpath.com dharmpath