ला सेरेना (चिली), 17 जून (आईएएनएस)। अर्जेटीना की फुटबाल टीम के कप्तान लियोनेल मेसी ने कोपा अमेरिका में उरुग्वे के खिलाफ मिली 1-0 की जीत के बाद प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों पर अत्यधिक छींटाकशी और मैच के दौरान कई बार जानबूझकर शरारत करने का आरोप लगाया है।
इस मैच में अर्जेटीना के स्ट्राइकर सर्जियो अग्वेरो ने एकमात्र गोल दागा। रेफरी ने मंगलवार को खेले गए इस मैच के दौरान छह बार पीले कार्ड इस्तेमाल किया और अर्जेटीनी कोच गेराडरे मार्टिनो को भी स्टैंड में जाने का निर्देश दिया गया।
वेबसाइट गोल डॉट कॉम के अनुसार मेसी ने कहा, “उरुग्वे के खिलाड़ियों ने कई बार जानबूझकर हमसे टकराने की कोशिश की। हमने लेकिन दिखाया कि दूसरे तरीके से भी इस खेल को खेला जा सकता है। हम लगभग पूरे मैच में एक ही अंदाज में खेलते रहे लेकिन उरुग्वे ने हमारे लिए कई बार मुश्किलें पैदा की। वह शायद खेल में ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहते थे।”
मेसी ने साथ ही कहा कि उनकी टीम भाग्यशाली रही कि मौके पर अग्वेरे ने महत्वपूर्ण गोल दाग दिया।
अर्जेटीना को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पराग्वे के खिलाफ 2-2 से ड्रा से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में यह जीत टीम के लिए महत्वपूर्ण है। टूर्नामेंट के ग्रुप-बी में शामिल अर्जेटीना अब शीर्ष पर पहुंच गया है। अर्जेटीना अपना आखिरी ग्रुप मैच कमजोर समझी जा रही जमैका की टीम से खेलेगा।
जमैका को अभी तक कोपा अमेरिका-2015 में खेले अपने दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
dharmpath.com dharmpath