हॉकी : अभ्यास मैच में पुरुष टीम जीती, महिलाओं की दूसरी हार

एंटवर्प (बेल्जियम), 17 जून (आईएएनएस)। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल में हिस्सा लेने पहुंची भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने दूसरे अभ्यास मैच में अमेरिका को 4-0 से हरा दिया। वहीं, महिला टीम को अभ्यास मैच में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

अमेरिका के खिलाफ मंगलवार को खेले गए अभ्यास मैच में पहला गोल भारतीय पुरुष टीम की ओर से रुपिंदर पाल ने 20वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। इसके बाद 49वें मिनट में मिडफील्डर ललित उपाध्याय ने एक शानदार फील्ड गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।

मैच के 52वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला और ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर ने एक बार फिर इसे गोल में बदलते हुए विश्व रैंकिंग में नौवें पायदान पर काबिज भारतीय टीम को 3-0 से आगे कर दिया। मैच का आखिरी गोल युवराज वाल्मिकी ने दागा। अमेरिका विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर है।

भारत अपना आखिरी अभ्यास मैच बुधवार को ब्रिटेन के खिलाफ खेलेगा।

भारतीय पुरुष टीम को एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल में अपना पहला मैच शनिवार को फ्रांस के खिलाफ खेलना है।

दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम को इटली के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम को जापान के खिलाफ अपने पहले अभ्यास मैच में भी 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493