तिरुवनंतपुरम, 17 जून (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के चेयरमैन पद पर अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य गजेंद्र सिंह चौहान की नियुक्ति के विरोध में विद्यार्थियों के बेमियादी हड़ताल पर जाने के बाद मामले का हल निकालने के लिए संस्थान के पूर्व छात्र आगे आए हैं।
पुरस्कार विजेता सिनेमाटोग्राफर और एफटीआईआई के पूर्व छात्र संतोष सिवन ने कहा कि पूर्व छात्र गतिरोध को दूर करने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। संतोष गवर्निग काउंसिल के सदस्य भी हैं।
संतोष ने मुंबई से आईएएनएस को बताया, “देशभर से पूर्व छात्र एकजुट हुए हैं और इस गतिरोध को दूर करने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। पूर्व विद्यार्थियों का एक समूह कल एफटीआईआई पहुंचेगा और विद्यार्थियों से बात करेगा।”
उन्होंने कहा, “हम बस इतना चाहते हैं कि सब सही से निपट जाए और हमसे जो बन पड़ेगा, हम करेंगे।”
एफटीआईआई से मिली खबरों के अनुसार, विद्यार्थी यह कहते हुए शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए कि गजेंद्र की नियुक्ति राजनीति से प्रेरित है।
एक रपट में यह भी कहा गया है कि छात्र परिषद ने फौरन एक ऐसे चेयरमैन की नियुक्ति की मांग की है, जो संस्थान के कार्यो के साथ न्याय करने के काबिल हो।
संतोष ने कहा कि वह एक सकारात्मक नतीजे की ओर बढ़ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath