वाशिंगटन, 18 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य में बुधवार रात एक पुराने चर्च पर हमला किया गया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई।
‘सीएनएन’ की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, साउथ कैरोलिना राज्य के चार्ल्सटन शहर स्थित इमानुएल अफ्रीकन मेथोडिस्ट एपिस्कॉपल चर्च में बुधवार रात अंधाधुंध गोलीबारी की गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई।
हमलावर अब भी फरार है। पुलिस ने फिलहाल यह नहीं बताया है कि कितने लोगों को गोली लगी है।
पादरी थॉमस डिक्सन ने कहा, “यह बहुत बुरा है। हमलावर चर्च में घुसा और उसने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।”
पुलिस का कहना है कि संदिग्ध हमलावर की उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई गई है। उसकी हजामत बनी हुई थी और उसने भूरे रंग की टी-शर्ट, जींस व जूते पहन रखे थे।
इमानुएल अफ्रीकन मेथोडिस्ट एपिस्कॉपल चर्च की स्थापना 1816 में की गई थी। इस चर्च की स्थापना कब्रिस्तान को लेकर विवाद के बाद चार्ल्सटन के मेथोडिस्ट एपिस्कॉपल चर्च के अफ्रीकन-अमेरिकन सदस्यों ने की थी। चर्च के बेसमेंट में हर बुधवार की शाम पवित्र ग्रंथ बाइबिल पढ़ा जाता है।
dharmpath.com dharmpath