मीरपुर (बांग्लादेश), 18 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में गुरुवार को भारत के साथ जारी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास और मुस्ताफिजुर रहमान एकदिवसीय मैचों में पदार्पण कर रहे हैं। लिटन ने फातुल्लाह टेस्ट के दौरान टेस्ट पदार्पण किया था।
दोनों टीमों के बीच पूर्व में 29 एकदिवसीय मैच हुए हैं, जिसमें बांग्लादेश केवल तीन में जीत हासिल कर सका है जबकि 25 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। एक मैच रद्द हुआ।
विश्व रैंकिंग के लिहाज से बात करें तो भारत अगर इस श्रृंखला को 3-0 से जीतता है तो भी उसके रैंकिंग पर कोई असर नहीं होगा। भारतीय टीम फिलहाल 117 अंकों के साथ आस्ट्रेलिया (129) के बाद दूसरे स्थान पर है।
भारत हालांकि कुछ अंक और हासिल कर आस्ट्रेलिया से दूरी के अंतर को कुछ हद तक जरूर कम कर सकेगा। वहीं, भारत अगर 2-1 से जीतता है तो उसके अंकों पर कोई असर नहीं होगा। इतने ही अंतर से भारतीय टीम अगर हारती है तो उसके दो अंक कम जरूर हो जाएंगे लेकिन फिर भी वह न्यूजीलैंड से ऊपर दूसरे स्थान पर बनी रहेगी।
टीम (संभावित):
बांग्लादेश टीम : मशरफे मुर्तजा (कप्तान), तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (उपकप्तान), सब्बीर रहमान, नासिर हुसैन, अराफात सनी, तस्किन अहमद, रुबेल हुसैन, रोनी तालुकदार, मुस्ताफिजुर रहमान, लिटन दास।
भारत : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार, मोहित शर्मा, धवल कुलकर्णी, स्टुअर्ट बिन्नी, अक्षर पटेल।
dharmpath.com dharmpath