मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिलदार सुपरस्टार सलमान खान की नई फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ, जिसमें वह सलमान हनुमान चालीसा पढ़ते, रोते और जबर्दस्त एक्शन करते नजर आ रहे हैं।
कबीर खान निर्देशित फिल्म का ट्रेलर कुल मिलाकर दिल खुश करने वाला है। ट्रेलर में सलमान के स्टंट, करीना कपूर के पारंपरिक भारतीय परिधान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के हास्य अवतार की झलक दिखी।
ढाई मिनट के ट्रेलर की शुरुआत सलमान के एक छोटी बच्ची (हर्षाली मल्होत्रा) से उसकी राष्ट्रीयता पूछने के साथ होती है। लेकिन चूंकि बच्ची बोल नहीं पाती, इसलिए वह इस बात से अंजान हैं कि बच्ची पाकिस्तान की रहने वाली है। फिल्म में सलमान भोले-भाले मासूम पवन कुमार चुतर्वेदी उर्फ बजरंगी की भूमिका में हैं, जो हनुमान भक्त है।
भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के बाद ही पवन (सलमान) को पता चलता है कि वह बच्ची पाकिस्तानी है। उसे बच्ची को पाकिस्तान छोड़कर आने का हुक्म मिलता है और वह बिना पासपोर्ट बनवाए बच्ची को उसके मुल्क छोड़कर आने का फैसला करता है।
‘बजरंगी भाईजान’ ईद पर (18 जुलाई) रिलीज होने वाली है। फिल्म में करीना स्कूल शिक्षिका रसिका की भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath