बैडमिंटन : यूएस ओपन के फाइनल में हारी मनु-सुमित की जोड़ी

न्यूयार्क, 22 जून (आईएएनएस)। भारत के मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी को रविवार को यूएस ओपन ग्रां प्रिक्स गोल्ड टूर्नामेंट के फाइनल में चीन जोड़ी जुनहुई ली और यूचेन लियू से हार का सामना करना पड़ा।

विश्व की 26वीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को 29वीं वरीयता वाली चीनी जोड़ी ने केवल आधे घंटे में 21-12, 21-16 से हराया।

इस हार के बावजूद हालांकि भारतीय जोड़ी का अब विश्व वरीयता के शीर्ष-25 में पहुंचना करीब-करीब तय है। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) नई वरीयता सूची गुरुवार को जारी करेगा।

मैच में मनु और सुमित की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की और पहले गेम में 6-2 की बढ़त बनाई। यहां ली और लियू ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय जोड़ी 12-11 से बढ़त कायम रखने में कामयाब रही। इसके बाद हालांकि चीनी खिलाड़ियों अचानक अपना दबदबा बनाने में कामयाब रहे और अगले दस अंक जीत कर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम भारतीय जोड़ी के लिए और खराब रहा और चीनी जोड़ी ने तेज बैडमिंटन खेलते हुए 20-11 की बढ़त बना ली। इसके बाद मनु-सुमित ने पांच मैच प्वाइंट जरूर बचाए लेकिन हार को नहीं टाल सके। चीनी जोड़ी ने अपने छठे प्रयास में 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट को जीता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493