अफगानिस्तानी संसद पर हमला, सभी 7 हमलावर मारे गए (लीड-3)

काबुल, 22 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में सोमवार को संसद भवन के करीब कई सिलसिलेवार बम विस्फोट हुए, जिसमें 21 लोग घायल हो गए। बाद में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने सभी सात हमलावर आतंकवादियों को मार गिराया।

काबुल के पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान रहिमी ने संवाददाताओं को बताया कि सभी सात हमलावर मारे गए हैं। इनमें वह भी शामिल है, जिसने सबसे पहला विस्फोटकों से भरी अपनी कार उड़ा दी थी और अन्य को संसद परिसर में घुसने में मदद की थी।

रहिमी ने बताया, “एक हमलावर विस्फोट में मारा गया और शेष सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए।”

उन्होंने बताया कि घटना में लोग घायल हुए हैं, लेकिन अभी स्पष्ट आंकड़ा प्राप्त नहीं हो पाया है।

हालांकि, अफगानी मीडिया ‘टोलो न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में 21 लोग घायल हुए हैं, जिसमें पांच महिलाएं तथा तीन बच्चे हैं।

हमला संसद परिसर के द्वार के पास कार विस्फोट से शुरू हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। विस्फोट से आसपास की इमारत के शीशे टूट गए।

तालिबानी आतंकवादियों ने हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि हमले में कई सांसद मारे गए हैं, लेकिन काबुल में अधिकारियों ने इस दावे को खारिज किया है।

यह हमला उस वक्त हुआ, जब उप राष्ट्रपति सरवर दानिश देश के नए रक्षा मंत्री के रूप में नामित मासू स्टैंकजई का परिचय सांसदों से करा रहे थे। इसके बाद संसद में विश्वास मत के लिए मतदान कराया जाना था।

इससे पहले तालिबान के प्रवक्ता जैबिहुल्ला मुजाहिद ने ट्विटर पर लिखा, “कई मुजाहिद्दीन संसद भवन में घुस गए, भारी गोलीबारी जारी है। हमला ऐसे वक्त में हुआ है, जब नए रक्षा मंत्री को कमान देने की तैयारी चल रही थी।”

मीडिया रपटों के मुताबिक, कुछ सांसद इमारत से निकलने में कामयाब रहे, जबकि शेष ने इमारत के भूमिगत तल में शरण ली।

आतंकवादियों ने अफगानिस्तान के शीर्ष मौलवियों की रमजान के महीने में हमले न करने की अपील ठुकरा दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493