एचडब्ल्यूएल : न्यूजीलैंड को चुनौती देंगी भारतीय महिलाएं

एंटवर्प (बेल्जियम), 22 जून (आईएएनएस)। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के पहले मैच में मेजबान बेल्जियम से मिली हार के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम अब मंगलवार को पूल-बी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी।

विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने पहले मैच में संतुलित खेल दिखाया लेकिन बेल्जियम एक गोल से विजयी रहा।

भारतीय टीम के लिए हालांकि विश्व रैंकिंग में चौथे पायदान पर मौजूद न्यूजीलैंड से मुकाबला आसान नहीं होगा। न्यूजीलैंड ने अपने पहले मैच में विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर मौजूद पोलैंड को 12-0 से हराया।

भारतीय टीम और न्यूजीलैंड इससे पहले हाल में हॉक्स बे कप के पूल मैच में भिड़ चुके हैं जहां भारत को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

राष्ट्रमंडल खेल-2014 में भी भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।

बेल्जियम के खिलाफ पिछले मैच में भारतीय गोलकीपर सविता ने कुछ शानदार बचाव किए और निश्चित रूप से उन्हें यहां भी यह क्रम जारी रखना होगा। साथ ही भारतीय टीम को पेनाल्टी कार्नर जैसे मौकों को गोल में बदलने की अपनी योग्यता को भी और बेहतर करना होगा।

मैच से पहले भारतीय टीम की कप्तान रितू रानी ने कहा, “पहला मैच हमारे लिए मुश्किल रहा क्योंकि मेजबान टीम को घरेलू हालात का फायदा मिला। न्यूजीलैंड एक अच्छी टीम हैं। उनके खिलाफ हमारे पिछले नतीजे सकारात्मक नहीं रहे हैं लेकिन हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है।”

टीम के मुख्य कोच मैथियास एहरेन्स ने भी कहा कि वह पिछले मैच के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं और टीम दूसरे मैच में सकारात्मक नतीजे हासिल करने की कोशिश करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493