पराग्वे के लिए करो या मरो की स्थिति : सिल्वा

कॉन्सेप्सियोन (चिली), 23 जून (आईएएनएस)। पराग्वे फुटबाल टीम के डिफेंडर पाउलो डा सिल्वा ने शनिवार को कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में ब्राजील के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच से पूर्व कहा कि उनकी टीम के लिए यह ‘करो या मरो’ वाली स्थिति होगी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार चार साल पहले कोपा अमेरिका-2011 में हुए मुकाबले के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने हैं। पिछली बार अर्जेटीना में हुए कोपा अमेरिका में पराग्वे ने ही ब्राजील को बाहर का रास्ता दिखाया था।

डा सिल्वा ने मंगलवार को कहा, “हम यहां एक लक्ष्य के साथ आए हैं। हमारी उम्मीदें काफी ज्यादा हैं और प्रशंसक एक सपना देख रहे हैं। काफी लंबा अर्सा हो गया जब हमने अपने प्रशंसकों को खुशी मनाने का कोई मौका दिया है। हम जानते हैं कि इस मैच में करो या मरो वाली स्थिति है।”

गौरतलब है कि ब्राजील की टीम इस मैच में अपने कप्तान और स्टार खिलाड़ी नेमार के बगैर उतरेगी। कोलंबिया के खिलाफ एक ग्रुप मैच के बाद नेमार को प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों से उलझने और मैच अधिकारियों को अपशब्द कहने के आरोप में चार मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।

पराग्वे के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। मिडफील्डर रिचर्ड ओरटिज दो पीले कार्ड दिखाए जाने के बाद क्वार्टर फाइनल में नहीं खेल सकेंगे वहीं, मिग्वेल सैमुडियो और नेस्टर ओर्टिगोजो भी चोट से जूझ रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493