बीजिंग, 24 जून (आईएएनएस)। चीन में मादक पदार्थो से संबंधित अपराध बढ़ गए हैं और अपराधियों ने इसे अंजाम देने के लिए नए तरीके भी ढूंढ़ निकाले हैं। इसके संदेह में वर्ष 2014 में 1.69 लाख लोगों को हिरासत में लिया गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस तरह के अपराधों के सिलसिले में जिन 1.69 लाख लोगों को हिरासत में लिया गया, उनमें से 60 प्रतिशत की उम्र 35 साल से कम है, जबकि 90 फीसदी ने माध्यमिक स्कूल की शिक्षा पूरी नहीं की है।
चीन में मादक पदार्थो की स्थिति से संबंधित यह रिपोर्ट चीन सरकार की ऐसी कोई पहली रिपोर्ट है। इसमें कहा गया है कि मादक पदार्थो की तस्करी इन दिनों बढ़ गई है और यह अंकुश से बाहर हो गया है। ऐसे अपराधों को पहले की तुलना में अधिक संगठित और पेशेवर तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, “मादक पदार्थो की तस्करी के लिए जहां मानव शरीर के विभिन्न हिस्सों में, कारों में इसे छिपाकर ले जाने जैसे परंपरागत तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं अब ऑनलाइन, डाक के जरिये, विमानों के जरिये भी तस्करी को अंजाम दिया जाता है।”
dharmpath.com dharmpath