ब्रसेल्स, 24 जून (आईएएनएस)। भारतीय संसद के निचले सदन लोकसभा की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने यूरोपीय संसद के अध्यक्ष मार्टिन स्कल्ज से यहां मुलाकात की। उन्होंने संसदीय संबंधों और दोनों पक्षों के बीच सहयोग पर बात की।
दोनों नेताओं ने मंगलवार दोपहर मुलाकात की और इसके बाद स्कल्ज ने महाजन के लिए सरकारी भोज आयोजित किया।
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच रणनीतिक साझेदारी का जिक्र करते हुए महाजन ने कहा कि ईयू भारत का सबसे बड़ा क्षेत्रीय व्यापारिक साझेदार है, जबकि भारत 2014 में ईयू का नौवां व्यापारिक साझेदार था।
उन्होंने आशा जताई कि भारत-यूरोपीय संघ वैविध्यपूर्ण व्यापार एवं निवेश समझौते में प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि यह दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होना चाहिए।
भारतीय दूतावास के सूत्रों के अनुसार, महाजन ने भारत के विकास कार्यो में ईयू की सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने भारत में महिला सशक्तिकरण के लिए चल रहे कार्यो का जिक्र किया और यूरोपीय संसद के अध्यक्ष को बताया कि भारत में स्थानीय निकाय में 50 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
विदेशी नीति मामले पर महाजन ने कहा कि भारत क्षेत्र की समृद्धि में विश्वास करता है जिस क्षेत्र को आर्थिक रूप से जुड़े पड़ोसी और एक-दूसरे की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता तथा आतंकवाद पर असहिष्णुता की जरूरत है।
dharmpath.com dharmpath