कालगारे, 25 जून (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम, बी. साई प्रणीत और आनंद पवार यहां जारी 50 हजार इनामी कनाडा ओपन ग्रां प्रिक्स टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं।
महिला एकल में तन्वी लाड तथा पुरुष युगल में मनु अत्री तथा बी. सुमीत रेड्डी भी अपना पहले दौर का मुकाबला जीतने में सफल रहे हैं।
नौवें वरीय जयराम ने चीन के हुआंग जुजियांग को 34 मिनट में 21-15, 21-16 से हराया। अब वह इंडोनेशिया के विंशु युली प्रास्तीयो से भिड़ेंगे।
मुम्बई के पवार ने चीन के झू सियुआन को 33 मिनट में 21-17, 21-16 से हराया। अब वह अगले दौर में चीन के जुई सोंग से भिड़ेंगे।
नौवें वरीय साई ने चेक गणराज्य के जान फ्रोलिच को 28 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-16 से हराया।
महिला एकल में लाड ने अमेरिका की जेमी सुबांधी को 21-11, 21-14 से हराया। यह मैच आधे घंटे चला। अब वह कनाडा की मिशेल ली से भिड़ेंगी।
चौथे वरीय मनु और सुमीत ने स्थानीय खिलाड़ी एड्रियन लियू और डेरिक नाग को 21-12, 15-21, 21-12 से हराया। अब यह जोड़ी चीनी ताइपे के झेई हुई ली और यांग ली से भिड़ेगी।
महिला एकल में पीसी तुलसी और पुरुष युगल में तरुण कोना और के. दिलशाद को हार मिली।
dharmpath.com dharmpath