मास्को, 25 जून (आईएएनएस)। रूस के एक शीर्ष राजनयिक ने गुरुवार को कहा कि ईरान और छह विश्व शक्तियों के बीच तेहरान परमाणु कार्यक्रम पर समझौता 90 फीसदी तक पूरा हो चुका है।
गौरतलब है कि रूस इन छह विश्व शक्तियों में से एक है।
ईरान परमाणु समझौते के लिए आखिरी चरण की वार्ता के लिए वियना रवाना होने से पहले रूस के उप विदेश मंत्री सर्जेई रायबकोव ने कहा, “मेरे खयाल से समझौते पर 90 फीसदी काम हो चुका है।”
उन्होंने कहा, “लेकिन अब तक हुआ काम लिखित समझौते को लेकर है, न कि इसके महत्व के संबंध में।”
उन्होंने कहा कि तेहरान परमाणु कार्यक्रम को लेकर 30 जून तक एक व्यापक समझौता पूरा हो जाने की उम्मीद है, जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम के शांतिपूर्ण उद्देश्य में इस्तेमाल होने को सुनिश्चित करेगा, साथ ही ईरान पर लगे तमाम प्रतिबंधों को हटाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी के अनुसार विदेश मंत्री जॉन केरी एवं पी5+1 समूह के अन्य शीर्ष राजनयिक शुक्रवार को वियना पहुंचेंगे, जहां वे तेहरान परमाणु समझौते पर होने वाली वार्ता में हिस्सा लेंगे।
ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावद जरीफ वार्ता में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को वियना पहुंचेंगे। इससे पहले शुक्रवार को वार्ता में ईरान की ओर से जरीफ के सहायक अब्बास अराकची और माजिद तख्त-ए-रावनची हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath