नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार को शुरू की गई तीन परियोजनाओं की सराहना करते हुए उद्योग जगत ने कहा कि इससे देश में रोजगार के ढेरो अवसर पैदा होंगे।
कनफेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीआरईडीएआई) की पश्चिमी उत्तर प्रदेश शाखा के उपाध्यक्ष अमित मोदी ने कहा, “इस तरह की विशाल अवसंरचना विकास पहल के लिए देश में उत्पादन में भारी वृद्धि करने की जरूरत होगी, इसलिए इन कार्यक्रमों के शुरू होने से देश की अर्थव्यवस्था पर चौतरफा असर होगा।”
अमित मोदी ने कहा, “सिर्फ अवसंरचना क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि स्मार्ट शहरों का चुनाव आम आदमी और स्थानीय निकाएं करेंगी।
मोदी ने तीनों परियोजनाओं-स्मार्ट सिटी, अटल मिशन फॉर रिजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन और हाउसिंग फॉर ऑल-की शुरुआत करते हुए कहा, “पहली बार ऐसी पहल की जा रही है, जहां फैसला न केंद्र और न राज्य सरकार लेगी। स्मार्ट सिटी का फैसला जनता तथा नगरपालिकाएं खुद करेंगी।”
भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष सुमित मजुमदार ने कहा, “उद्योग को उम्मीद है कि देश में कुछ चुने हुए शहरों का विकास करने की प्रक्रिया को इन समर्पित अभियानों और नवाचार युक्त समाधानों के जरिए पूरे देश में लागू किया जाएगा।”
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की अध्यक्ष ज्योत्स्ना सूरी ने कहा, “यह अत्यधिक विकासपरक कदम है। इससे हमारे शहरों के विकास और समुचित नियोजन में मदद मिलेगी। आम आदमी की भूमिका भी स्पष्टता से रेखांकित की गई है, जो सराहनीय है।”
केपीएमजी के भारतीय कारोबार के अवसंरचना और सरकारी सेवा के लिए साझेदार जयजीत भट्टाचार्य ने कहा, “सरकार द्वारा आज (गुरुवार) 100 स्मार्ट सिटी बनाने, 500 शहरों में नई जान फूंकने और सभी के लिए मकान की महत्वाकांक्षी योजना शुरू किए जाने का हम स्वागत करते हैं।”
उन्होंने कहा कि इन परियोजना के लिए सीमेंट, धातु, प्लास्टिक, अन्य सामग्री तथा सेवाओं की बड़े पैमाने पर जरूरत होगी।
dharmpath.com dharmpath