मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। अभिनय के बाद 2011 में इंटीरियर डिजाइनिंग में करियर बनाने उतरी अभिनेत्री शमिता शेट्टी जल्द डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 8’ में बतौर प्रतियोगी नजर आएंगी। उनकी इस वापसी से उत्साहित बड़ी बहन शिल्पा शेट्टी ने उन्हें दिल खोलकर डांस करने की सलाह दी है।
2007 में ब्रिटिश रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी बिग बदर 5’ की विजेता रहीं शिल्पा उम्मीद करती हैं कि छोटा पर्दा उनकी बहन के लिए भी सौभाग्यशाली साबित होगा।
शिल्पा (40) ने यहां कहा, “मैं उसके लिए बहुत उत्साहित हूं। मेरे लिए टेलीविजन सच में बहुत सौभाग्यशाली रहा है और मैं आशा करती हूं कि यह उसके लिए भी भाग्यशाली साबित हो।”
शिल्पा डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ की निर्णायक रह चुकी हैं। उनका मानना है कि ये शो उतने आसान नहीं हैं, जितने दिखते हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने शमिता से दिल खोलकर डांस करने को कहा है। यह एक बहुत मुश्किल शो है। मैं तीन रियलिटी शो की निर्णायक रही हूं और बैठकर दूसरों लोगों पर निर्णय देना बहुत आसान है, लेकिन प्रस्तोता एक डांस में जितनी मेहनत और दम लगाते हैं, वो ज्यादा चुनौतीपूर्ण है।”
‘झलक दिखला जा 8’ के जुलाई में कलर्स पर प्रसारित होने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath