एचडब्ल्यूएल : आस्ट्रेलिया से मुकाबले के लिए तैयार भारतीय महिलाएं

एंटवर्प (बेल्जियम), 26 जून (आईएएनएस)। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के ग्रुप-बी से क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय महिला हॉकी टीम शनिवार को ब्रैसचाट म्यूनिस्पल पार्क मैदान पर आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

विश्व रैंकिंग में 13वें पायदान पर काबिज भारतीय टीम को पहले दो मैचों में बेल्जियम (0-1) और न्यूजीलैंड (0-5) से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे मैच में बुधवार को विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर मौजूद पोलैंड के खिलाफ मिली 3-1 की जीत ने हालांकि उसके क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की संभावना को बल दिया।

पोलैंड को इस टूर्नामेंट में अब तक अपने चारों मैचों में हार का सामना करना पड़ा और इसी कारण भारतीय टीम का अगले दौर में पहुंचने का रास्ता साफ हो गया।

भारतीय टीम को शनिवार को हालांकि टूर्नामेंट के अपने सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वी और विश्व कप-2014 के उपविजेता आस्ट्रेलिया से भिड़ना है। आस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में अपने तीनों शुरुआती मैच जीते हैं। टीम ने पहले मैच में पोलैंड को 9-0 से हराया और फिर मेजबान बेल्जियम और न्यूजीलैंड से भी 2-0 की जीत दर्ज की।

भारतीय कप्तान रितु रानी ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के बारे में कहा, “हमें खुशी है कि हम अपना आखिरी मैच जीतने में सफल रहे। हम अब आस्ट्रेलिया का मुकाबला करने के लिए तैयार है और हमें उम्मीद है कि हम उन्हें कड़ी चुनौती देंगे।”

दोनों टीमों इससे पूर्व आखिरी बार इसी न्यूजीलैंड में हुए हॉक्स बे कप में भिड़ी थी और भारत ने आस्ट्रेलिया को गोलरहित ड्रा के लिए मजबूर किया था।

पोलैंड के खिलाफ मैच में दो गोल करने वाली भारतीय स्ट्राइकर रानी रामपाल की भूमिका यहां भी महत्वपूर्ण होगी।

भारतीय टीम के कोच मैथियास एहरेन्स ने कहा कि टीम पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने और आक्रमण को और मजबूत करने का अभ्यास कर रही है। ऐहरेन्स ने उम्मीद जताई कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम और बेहतर प्रदर्शन करने में सफल होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493