फ्रांस : इस्लामवादियों ने एक का सिर कलम किया

पेरिस, 26 जून (आईएएनएस)। फ्रांस के लियोन शहर के पास स्थित एक गैस कारखाने में शुक्रवार को संदिग्ध इस्लामवादियों ने हमला कर एक व्यक्ति का सिर कलम कर दिया। इस हमले में कम से कम एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

बीबीसी की रपट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि सेंट क्वेंटिन-फेलेवियर स्थित ‘एयर प्रोडक्ट्स’ फैक्ट्री में कई छोटे-छोटे विस्फोट हुए। माना जा रहा है कि यह विस्फोट संभवत: गैस कनस्तरों के कारण हुए।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद रोधी पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

फ्रांस के प्रसारणकर्ता बीएफएम टीवी की रपट के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति के पास कोई पहचान पत्र नहीं है, और उसने आतंकवाद रोधी पुलिस से बातचीत करने से मना कर दिया है।

फ्रांस के समाचार पत्र ‘ली डौफीन लीबरे’ के मुताबिक, सुबह के समय एक व्यक्ति इमारत के आगे-पीछे गाड़ी चलाते देखा गया था।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ब्रसेल्स में जारी यूरोपीय संघ (ईयू) के शिखर सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर शाम के समय फ्रांस लौट जाएंगे।

बोर्दो के मेयर अलेन जुप्पे ने ट्वीट कर इस हमले की निंदा की।

उन्होंने ट्वीट किया, “आतंकवाद का खतरा अपने चरम पर है। फ्रांस अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।”

प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स ने पूरे देश में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय न्यूज वेबसाइट पर जारी खबरों के मुताबिक, युवक का सिर कलम करने के अलावा इस हमले में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493