पदक जीतने का समय आ चुका है : मुक्केबाज सरिता देवी

कोलकाता, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला मुक्केबाज एल. सरिता देवी ने शनिवार को कहा कि वह एक वर्ष के प्रतिबंध के निराशानजक दौर से बाहर आ चुकी हैं तथा देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।

सरिता को पिछले वर्ष दिसंबर में एशियाई खेलों के दौरान कांस्य पदक स्वीकार न करने के कारण अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) ने एक वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।

अखिल बंगाल बालिका एवं महिला कराटे और आत्मरक्षा चैम्पियनशिप के पहले संस्करण के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद सरिता ने पत्रकारों से कहा, “मैं प्रतिबंध के बारे में बिल्कुल भूल चुकी हूं। इस समय मैं अपना पूरा ध्यान प्रशिक्षण पर लगा रही हूं तथा कठिन मेहनत कर रही हूं ताकि मैं देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत सकूं।”

सरिता ने कहा, “मेरी पहली प्राथमिकता अगले वर्ष फरवरी में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना है।”

कलाई में लगी चोट से उबरने के बाद बेंगलुरू में चार महीने का प्रश्क्षिण लेने के बाद सरिता अब रियो ओलम्पिक की तैयारियों के लिए पुणे जाएंगी।

टार्गेट ओलम्पिक पोडियम योजना के बारे में सरिता ने कहा, “यह एक शानदार योजना है, जिससे हमें काफी मदद मिल रही है। पहली बार मैं निजी प्रशिक्षक की सेवा ले सकी हूं, साथ ही मुझे प्रशिक्षण के लिए जरूरी हर तरह की सुविधाएं और मदद मिल रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493