मुंबई, 28 जून (आईएएनएस)। महानायक अमिताभ बच्चन ने रूपहले पर्दे पर रिश्तों और जिंदगी की सच्चाई को बयां करने वाली हालिया प्रदर्शित बांग्ला फिल्म ‘बेला सेशे : इन द ऑटम ऑफ माय लाइफ’ की दिल खोलकर तारीफ की।
अमिताभ (72) ने सौमित्र चटर्जी अभिनीत इस फिल्म के बारे में अपने विचार अपने ब्लॉग पर साझा किए। फिल्म 50 वर्षो तक वैवाहिक बंधन में बंधे रहने के बाद अलग होने का फैसला लेने वाले एक युगल की कहानी है। यह दिखाती है कि कैसे उनका निर्णय उनके बच्चों की जिंदगी को बदल देता है।
बिग बी ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर लिखा, “फिल्म में ऐसे पल हैं, जो अपने स्वभाव से आपकी मौजूदगी को झटका देते हैं, जो सच्चाई से सामना कराते हैं और कुलबुलाते हैं। मैं आज बांग्ला फिल्म ‘बेला सेशे..’ से इन्हीं क्षणों से गुजरा। इस फिल्म ने कोलकाता और बंगाल में कुछ रिकॉर्ड बनाए हैं।”
अमिताभ को शिबोप्रसाद मुखर्जी और नंदिता रॉय द्वारा सह-निर्देशित ‘बेला सेशे : इन द ऑटम ऑफ माय लाइफ’ की कहानी बहुत अच्छी लगी। फिल्म शुक्रवार को देशभर में रिलीज हो गई।
dharmpath.com dharmpath