कोलम्बो टेस्ट : पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका ने की श्रृंखला में बराबरी (लीड-1)

कोलंबो, 29 जून (आईएएनएस)। मेजबान श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें और आखिरी दिन सोमवार को पी. सारा ओवल मैदान पर पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली।

श्रीलंका के सामने जीत के लिए 153 रनों का लक्ष्य था, जिसे मेजबान टीम ने आसानी से तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में चार विकेट हासिल करने वाले श्रीलंका के तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।

दिमुथ करुणारत्ने (50) और कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (43 नाबाद) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 72 रनों की साझेदारी ने टीम की जीत पक्की की। इससे पूर्व, करुणारत्ने और किथुरुवान विथानाज (34) ने पहले विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम को अपेक्षित शुरुआत दिलाई।

पारी के सातवें ओवर में विथानाज और फिर अगले ही ओवर में कुमार संगकारा (0) के पवेलियन लौटने से एक समय मैच नाटकीय मोड़ लेता दिख रहा था।

मैथ्यूज और करुणारत्ने ने हालांकि ऐसी किसी आशंका को खत्म कर दिया। तीसरे विकेट के रूप में करुणारत्ने के पवेलियन लौटने के बाद लाहिरु थिरिमाने (20 नाबाद) और मैथ्यूज ने मेजबान टीम को विजय दिलाई। मैथ्यूज ने 57 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए।

पाकिस्तान की ओर से यासिर शाह ने दो, जबकि जुल्फिकार बाबर ने एक सफलता हासिल की।

रात भर हुई भारी बारिश के कारण आखिरी दिन का खेल आधे घंटे देर से शुरू हुआ। बारिश की आशंका को देखते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की।

गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान चौथे दिन दूसरी पारी में 329 रन बनाकर आउट हो गया था। पहली पारी में पाकिस्तान ने 138 रन बनाए थे जिसके जवाब में मेजबान टीम ने 315 रन बनाए।

गॉल में खेला गया पहला टेस्ट पाकिस्तान 10 विकेट से जीतने में सफल रहा था। तीसरा टेस्ट मैच तीन जुलाई से पाल्लेकेले में शुरू होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493