मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। सेट पर देरी से पहुंचने के लिए जाने जाने वाले बॉलीवुड बादशाह शाहरुख खान कहते हैं कि उन्हें खेद है कि वह ‘समय के पाबंद’ फिल्मकार रोहित शेट्टी की तरह वक्त से सेट पर नहीं आ पाते।
शाहरुख, रोहित शेट्टी के साथ ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के बाद अब ‘दिलवाले’ में काम कर रहे हैं। इस फिल्म से शाहरुख और काजोल की जोड़ी रुपहले पर्दे पर लौट रही है।
यहां घड़ी के ब्रांड ‘टैग ह्यूअर’ के नए विज्ञापन के लांच पर शाहरुख ने रोहित शेट्टी के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात की।
शाहरुख ने कहा, “मेरे ख्याल से निर्देशक के रूप में रोहित शेट्टी वक्त के बहुत पाबंद हैं। वह हमेशा समय से 10 मिनट पहले सेट पर पहुंच जाते हैं। मैं हमेशा सोचता हूं कि सेट पर रोहित से पहले पहुंचूंगा, लेकिन ऐसा कभी नहीं होता।”
शाहरुख ने अपने बारे में कहा, “मैं वक्त का सर्वाधिक पाबंद अभिनेता हूं। मैं अपने समयानुसार हमेशा वक्त का पाबंद हूं। दूसरे लोगों के समयानुसार, मैं कभी वक्त का पाबंद नहीं हूं।”
dharmpath.com dharmpath