अध्यक्ष बनने पर पोग्बा को बार्सिलोना में शामिल करूंगा : लापोर्टा

बार्सिलोना, 30 जून (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब एफसी बार्सिलोना के पूर्व अध्यक्ष जोआन लापोर्टा ने मंगलवार को कहा कि अगर वह 18 जुलाई को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में विजयी होते हैं, तो फ्रांस के पॉल पोग्बा क्लब के लिए खेलते नजर आएंगे। पॉल पोग्बा फिलहाल इटली के युवेंतस क्लब के लिए खेलते हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार लापोर्टा पूर्व में 2003 से 2010 के बीच बार्सिलोना के अध्यक्ष रह चुके हैं और इस बार के चुनाव में भी प्रबल उम्मीदवार माने जा रहे हैं।

पॉल पोग्बा पर इस बार यूरोप के कई क्लबों की नजर है और माना जा रहा है कि उनसे करार की घोषणा कर लापोर्टा ने भी चुनाव प्रचार के तहत बड़ा दांव फेंका है।

पोग्बा कितनी राशि में क्लब से जुड़ सकते हैं इसे लेकर कयास जारी हैं। उन्हें टीम में शामिल करने के लिए क्लब को 10 करोड़ डॉलर तक खर्च करना पड़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि लापोर्टा ने 2003 के चुनाव से पूर्व भी इसी प्रकार तब के स्टार खिलाड़ी इंग्लैंड के डेविड बेकहम से करार का वादा किया था।

बेकहम हालांकि तब रियल मेड्रिड से जुड़ गए, लेकिन लापोर्टा की उस घोषणा से रोनाल्डिन्हो जैसे स्टार खिलाड़ी के लिए क्लब के दरवाजे खुले और कई बदलाव के साथ बार्सिलोना आज अपने स्वर्णिम काल में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493