एचडब्ल्यूएल : क्लासिफिकेशन मैच में भारतीय महिलाओं ने इटली को हराया

एंटवर्प, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की महिला हॉकी टीम ने यहां जारी हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल में गुरुवार को पांचवें से आठवें स्थान के लिए खेले गए क्लासिफिकेशन मैच में इटली को 5-4 से हरा दिया।

मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। निर्धारित समय में भारत के लिए 33वें मिनट में रानी ने गोल किया। मैच का पहला गोल इटली की ओर से एलिजाबेटा पासेला ने नौवें मिनट में किया था।

पेनाल्टी शूटआउट में भारत की ओर से छह मौकों में से पांच पर गोल किए गए। वंदना कटारिया टीम के दूसरे प्रयास में नाकाम रहीं। इसके अलावा बाकी सभी प्रयासों पर भारतीय खिलाड़ी गोल करने में सफल रहीं।

नवजोत कौर ने पहले प्रयास में गोल किया। दूसरे प्रयास में वंदना नाकाम रहीं। इसके बाद थाकचोम अनुराधा देवी ने तीसरे प्रयास में गोल किया। चौथे प्रयास में रानी ने और फिर पांचवे प्रयास में दीपिका ने गोल किया। रानी ने छठे प्रयास में टीम के लिए दूसरा गोल किया।

इसी तरह के एक अन्य क्लासिफिकेशन मैच में बेल्जियम का सामना जापान से हो रहा है। भारतीय महिलाएं इस मैच के विजेता से भिड़ेंगी और अगर जीतने में कामयाब रहीं तो फिर पांचवें स्थान पर रहेंगी। यह मैच 4 जुलाई को होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493