विंबलडन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने सोमवार को अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स को हराकर वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सोमवार को महिला एकल वर्ग से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने वाली प्रमुख खिलाड़ियों में रूसी स्टार मारिया शारापोवा, स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा, बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका और पोलैंड की एग्निएस्का रादवांस्का शामिल हैं।
प्री क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होने वाली वरीय खिलाड़ियों में पांचवीं वरीय डेनमार्क की कैरोलीन वोज्नियाकी, छठी वरीय चेक गणराज्य की लूसी सफारोवा और 28वीं वरीय सर्बिया की येलेना यांकोविच शामिल हैं।
सेरेना ने सेंटर कोर्ट पर हुए मैच में वीनस को मात्र एक घंटा आठ मिनट में 6-4, 6-3 से मात दे दी। सेरेना की आक्रामकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने दो के मुकाबले 10 एस लगाए और चार बार वीनस की सर्विस ब्रेक की। सेरेना ने 15 के मुकाबले 36 विनर्स लगाते हुए मैच अपने नाम किया।
सेरेना अब अगले दौर में 23वीं वरीय एजारेंका से भिड़ेंगी। एजारेंका ने सोमवार को महिला एकल वर्ग के चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेंसिक को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से आसान मात देते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
उधर करियर में लगातार दूसरी बार विंबलडन के चौथे दौर तक पहुंचने वाली कजाकिस्तान की जरीना डियास को पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त शारापोवा ने कोर्ट-1 पर हुए मैच में 6-4, 6-4 से हरा दिया।
एक घंटा 37 मिनट तक चले संघर्ष में शारापोवा पूरे रौ में नजर आईं। शारापोवा ने छह एस लगाए तथा पहली सर्विस पर 68 में से 50 अंक हासिल किए और चार बार डियास की सर्विस ब्रेक की।
2004 की विजेता शारापोवा अब क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की कोको वांडेवेघे का सामना करेंगी। वांडेवेघे ने सोमवार को ही उलटफेर करते हुए छठी वरीय सफारोवा को सीधे सेटों में 7-6(7-1), 7-6(7-4) से मात देकर करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वांडेवेघे को हालांकि दोनों ही सेटों में सफारोवा ने टाईब्रेकर तक संघर्ष करने के लिए मजबूर किया।
स्पेन की युवा प्रतिभा मुगुरुजा ने विंबलडन में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवीं वरीय वोज्नियाकी को एक घंटा 32 मिनट में 6-4, 6-4 से हरा दिया। कोर्ट-3 पर हुए महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में 2012 की उप-विजेता रादवांस्का ने पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त एजारेंका को 7-5, 6-4 से हरा दिया।
रादवांस्का अब क्वार्टर फाइनल में 21वीं वरीय अमेरिकी खिलाड़ी मैडिसन कीज का सामना करेंगी।
dharmpath.com dharmpath