पेरिस, 7 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुएल वाल्स ने मंगलवार को चेतावनी दी कि यूरोजोन से ग्रीस के बाहर निकलने से यूरोपीय गुट की आर्थिक स्थिति के संभलने की प्रक्रिया पटरी से उतर सकती है और क्षेत्र में राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो सकती है।
यह बात उन्होंने मंगलवार को हो रही यूरोपीय संघ के आपात शिखर सम्मेलन से पहले कही। उन्होंने कहा कि ग्रीस के वित्तीय बचाव के लिए समझौते का समुचित आधार है।
प्रधानमंत्री ने आरटीएल रेडियो से कहा, “बिना राजनीतिक कारणों के हम सिर्फ आर्थिक कारण से ग्रीस का यूरोजोन से बाहर निकलने का जोखिम नहीं ले सकते हैं। सवाल यूरोप की एकजुटता का है।”
उन्होंने कहा, “हम इसका अनुमान नहीं लगा सकते कि इसका राजनीतिक परिणाम क्या निकलेगा और अपमानित महसूस करने वाली ग्रीस की जनता किस प्रकार बर्ताव करेगी।” उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन में विकास की रफ्तार धीमी है और ऐसे में यूरोजोन को एकजुट और भरोसेमंद रह कर दिखाना है।
वाल्स ने कहा कि गेंद अब ग्रीस के पाले में है। उसे समझौते पर पहुंचने के लिए नया प्रस्ताव पेश करना है। यह खुद ग्रीस के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यूरोजोन से बाहर निकलने पर ग्रीस की जनता अत्यधिक बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह यूरोप की एकजुटता के लिए भी जरूरी है।
इस बीच मंगलवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के नेताओं की एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें समझौते पर पहुंचने की आखिरी दौर की कोशिश की जाएगी, ताकि ग्रीस में साल भर से जारी संकट समाप्ति की दिशा में बढ़े।
dharmpath.com dharmpath