ब्रसेल्स, 7 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रीस कर्ज संकट का हल निकालने के लिए यूरोपीय संघ के वित्त मंत्रियों की आपात बैठक मंगलवार को यहां शुरू हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यूरोसमूह के अध्यक्ष जेरोन डिसेलब्लॉम ने मंगलवार को बैठक से पहले कहा कि बैठक में ग्रीस की ओर से भरोसेमंद प्रस्ताव पेश होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “ग्रीस के जनमत संग्रह में कर्जदाताओं का प्रस्ताव खारिज कर दिए जाने के बाद हम अब पहले ग्रीस सरकार को सुनना चाहते हैं कि वह कर्ज संकट से किस प्रकार बाहर निकलना चाहती है और समझौते पर किस तरह से पहुंचा जाए।”
बैठक से पहले जर्मनी के वित्त मंत्री फोक्सगैंग स्काउबल ने कहा था, “दबाव मुख्यत: ग्रीस पर है। ग्रीस सरकार को बताना है कि वह कर्जदाताओं के साथ किन शर्तो पर सहमत होना चाहती है।”
फिनलैंड के वित्त मंत्री अलेक्जेंडर स्टब ने कहा, “मैं पूर्ण आशावादी हूं, लेकिन मुझे आज परिणाम मिलने की उम्मीद नहीं है।”
स्टब ने कहा, “हम सुनना और जानना चाहते हैं कि जनमत संग्रह के बाद अब ग्रीस सरकार क्या करने वाली है।”
ग्रीस के नवनियुक्त वित्त मंत्री यूक्लिड साकालोटोस ने बैठक से पहले कुछ भी कहने से परहेज किया है।
dharmpath.com dharmpath