मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। धारावाहिक ‘तेरे शहर में’ में स्नेहा माथुर की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री गौतमी कपूर ने इसके सेट पर अपने हाथों का बना खाना परोसकर सह-कलाकारों को चौंका दिया।
छोटे-बड़े पर्दे के चर्चित अभिनेता राम कपूर की पत्नी गौतमी कहती हैं कि उनके लिए उनके सहकर्मी उनके परिवार की तरह हैं।
गौतमी (41) ने एक बयान में कहा, “मुझे खाना बनाना अच्छा लगता है। मैंने सोचा कि यह मेरी टीम को मेरे हाथ से बने खाने का स्वाद चखाने का कमाल का विचार होगा।”
इसके लिए गौतमी वक्त से पहले सेट पर पहुंचीं और साथी कलाकारों के लिए रात का खाना बनाया। यही नहीं, वह ब्रेक के दौरान बीच-बीच में रसोई में जाकर खाने पर नजर भी रखती रहीं।
उन्होंने कहा, “यह उन सभी लोगों के लिए एक सरप्राइज था, जिन्होंने सोचा कि खाना बाहर से मंगवाया गया है। मैंने इस बात का ख्याल रखा कि मैं उस दिन थोड़ा पहले सेट पर पहुंच जाऊं और तैयारियां निबटा लूं।”
dharmpath.com dharmpath