न्यूकैसल, 11 जुलाई (आईएएनएस)। नीदरलैंड्स के फुटबाल क्लब पीएसवी इंधोवेन के कप्तान जॉर्जिनीयो विजनालडुम ने शनिवार को इंग्लैंड के पेशेवर क्लब न्यूकैसल युनाइटेड एफसी के साथ पांच वर्ष का करार कर लिया।
न्यूकैसल के साथ करार करने के साथ ही विजनालडुम इंग्लिश फुटबाल क्लब के साथ करार करने वाले तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
समाचार पत्र ‘मिरर’ के वेब पोर्टल पर प्रसारित खबर के अनुसार, विजनालडुम ने न्यूकैसल के साथ 1.47 करोड़ पाउंड पर करार किया।
न्यूकैसल के मुख्य कोच स्टीव मैक्लारेन ने विजनालडुम के क्लब से जुड़ने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि यह करार क्लब की मंशा को जाहिर करता है।
इससे पहले न्यूकैसल रिकॉर्ड 1.6 करोड़ पाउंड में माइकल ओवेन और 1.5 करोड़ पाउंड में एलन शीयरर के साथ करार कर चुका है।
विजनालडुम ने भी न्यूकैसल के साथ जुड़ने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “न्यूकैसल का खिलाड़ी बनकर मुझे खुशी है। मेरे खयाल से क्लब बदलने का यह मेरे लिए बिल्कुल उपयुक्त समय था। मुझे पता है कि यह क्लब शानदार स्टेडियम और प्रशंसकों का जबरदस्त चहेता है।”
dharmpath.com dharmpath