मुंबई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अराजक तत्वों द्वारा अपना नाम इस्तेमाल कर आगामी फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के बारे में धर्म-विरोधी संदेश फैलाने से खफा सलमान खान का कहना है कि पुलिस अराजक तत्वों की धरपकड़ के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से भी आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया पर छाए उन संदेशों पर यकीन न करें, जिनमें दावा किया गया है कि ‘बजरंगी भाईजान’ मुस्लिम प्रशंसकों के देखे बिना भी हिट साबित होगी।
सलमान ने रविवार को ट्विटर पर लिखा, “मेरे नाम का इस्तेमाल कर फैलाए जा रहे धर्म विरोधी संदेश पर यकीन न करें। ये अफवाहें हैं। इनमें कतई सच्चाई नहीं है। पुलिस को सूचित कर दिया है। पुलिस कदम उठा रही है।”
सलमान ने यह भी कहा कि उनका ‘विविधता में एकता’ पर पूरा यकीन है।
सलमान ने लिखा, “मेरे घर में एक ही छत के नीचे कई धर्मो का वास है। मैंने हमेशा उन सभी धर्मो का सम्मान किया और हमेशा करूंगा।”
‘बजरंगी भाईजान’ 17 जुलाई को रिलीज हो रही है।
dharmpath.com dharmpath