हमने अपनी पूरी ताकत झोंक दी : सानिया

विंबलडन (लंदन), 12 जुलाई (आईएएनएस)। विंबलडन में महिला युगल खिताब जीतने के बाद सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल खिलाड़ी भारत की सानिया मिर्जा ने कहा कि उन्होंने और उनकी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने फाइनल मैच में अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

शीर्ष वरीय सानिया-मार्टिना ने शनिवार की रात ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर हुए फाइनल मुकाबले में एकातेरिना मकारोवा और एलेना वेस्निना की दूसरी वरीय जोड़ी को 5-7, 7-6(4), 7-5 से हराकर महिला युगल वर्ग का खिताब जीत लिया।

मैच के बाद सानिया ने कहा, “इस तरह के मैच में जिसमें शीर्ष और दूसरी वरीय खिलाड़ी खेल रहे हों, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ मैचों में से है। अविश्वसनीय रूप से यहां खेलना रोमांचक रहा। मुझे पूरी उम्मीद है कि इसे देखना भी उतना ही रोमांचक रहा होगा।”

सानिया ने कहा, “हम जब पिछड़ रहे थे, उस समय भी हमें पता कि हम अपनी पूरी ताकत से खेल रहे हैं। इस क्षण के लिए ही हम इतने वर्षो से तैयारी कर रहे थे। अब तक हम इसी क्षण के लिए खेल रहे थे। यह मैच जीतकर हम वास्तव में खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”

सानिया का यह पहला ग्रैंड स्लैम महिला युगल खिताब है, जबकि हिंगिस का विंबलडन में यह तीसरा खिताब है।

सानिया ने कहा, “हमें हर खेल में अवसर मिले। मुझे नहीं पता क्यों, पर हम दोनों का यह मानना है। यहां तक कि तीसरे सेट में 2-5 के स्कोर के बावजूद हमें नहीं लगा कि हम पीछे चल रहे हैं। हमें सिर्फ एक ब्रेक की जरूरत थी, जो सही साबित हुआ।”

सानिया की जोड़ीदार मार्टिना ने वहीं कहा कि वे रूसी जोड़ी को हर एक अंक के लिए कड़ी चुनौती देना चाहती थीं।

मार्टिना ने कहा, “हमने एकदूसरे से इतना ही कहा कि ‘उन्हें ऐसा लगने दो कि वे जीत रही हैं। उन्हें मैच जीत लेने दो’। बस हमें मैच हारना नहीं है। मतलब हमें अपना शॉट सही रखना था और सही दिशा में खेलना था।”

सानिया ने जीत के बाद ट्विटर पर अपनी खुशी जाहिर की और मार्टिना के साथ अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493