लंदन, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने बीजिंग में अगले महीने होने वाले विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप को सफल बनाने हेतु आयोजकों से प्रयास तेज करने अपील की है।
इस साल विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन ऐतिहासिक बर्ड्स नेस्ट स्टेडियम में होना है। इसी स्टेडियम में 2008 ओलम्पिक की एथलेटिक्स स्पर्धाएं हुई थीं और जमैका के उसैन बोल्ट ने एक के बाद एक तीन विश्व रिकार्ड कायम किए थे।
विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 22 से 30 अगस्त के बीच होना है।
आईएएएफ विश्व यूथ चैम्पियनशिप के सिलसिले में इस समय कोलंबिया के काली में मौजूद संस्था के प्रमुख लेमाइन डियाक ने चीन में चैम्पियनशिप के लिए प्रचार-प्रसार की कमी पर चिंता जताई।
डियाक ने कहा, “हम चाहते हैं कि चैम्पियनशिप के दौरान स्टेडियम शाम के समय 100 फीसदी और सुबह के समय कम से कम 30 फीसदी दर्शकों से भरे रहें। चीनी अधिकारियों ने भी हमसे यह वादा किया है। चीन को इस सम्बंध में प्रयास तेज करना चाहिए। इसके लिए जबरदस्त प्रचार की जरूरत है।”
dharmpath.com dharmpath