मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान के अभिनेता भाई फैजल खान ‘चिनार-दास्तान-ए-इश्क’ से फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज के लिए बिल्कुल तैयार है, बस वितरक मिलने की देरी है।
फैजल ‘बजरंगी भाईजान’ की विशेष स्क्रीनिंग में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, “मेरी फिल्म ‘चिनार-दास्तान-ए-इश्क’ जल्द रिलीज होगी। फिल्म बिल्कुल तैयार है और हमें जैसे ही कोई वितरक मिलेगा, इसकी रिलीज का दिन तय कर लिया जाएगा। हम वितरकों को फिल्म दिखाना शुरू करने की योजना बना रहे हैं और जैसे ही कोई इसे हरी झंडी देगा, यह तुरंत रिलीज कर दी जाएगी।”
रेंजू शाह निर्देशित यह फिल्म पहले मई में रिलीज होनी थी। यह ‘झील जलती है’ उपन्यास से प्रेरित है। इसमें फैजल, जमाल नामक युवक का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, पिछले 25 वर्षो में यह पहली ऐसी बॉलीवुड फिल्म है, जो बिना आतंकवाद और संघर्ष की पृष्ठभूमि वाले जम्मू एवं कश्मीर को दिखाती है।
फैजल ने कहा, “अगर यह फिल्म सफल हुई और ऊपर वाले ने चाहा, तो मैं कुछ और साल अभिनय करूंगा।”
dharmpath.com dharmpath