मुंबई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। जावेद अख्तर, शबाना आजमी और राजकुमार राव जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने फिल्म निर्देशक नीरज घेवन की फिल्म ‘मसान’ को खूबसूरत और शानदार फिल्म बताया।
इस साल मई महीने में आयोजित कांस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टीवल में ‘मसान’ ने दो पुरस्कार जीते। फिल्म इस शुक्रवार भारत में रिलीज हो रही है।
दृश्यम फिल्म्स, फैंटम फिल्म्स, मैकास्सर प्रोडक्शंस एवं सिख्या एंटरटेंमेंट के सह-निर्माण में बनीं ‘मसान’ में संजय मिश्रा, ऋचा चड्ढा, श्वेता त्रिपाठी और विकी कौशल ने काम किया है। फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग मंगलवार को मुंबई में आयोजित की गई।
बॉलीवुड हस्तियों ने ट्विटर पर फिल्म के लिए प्रशंसा भरे शब्द लिखे।
जावेद अख्तर : कांस में दो पुरस्कार जीतने वाली फिल्म ‘मसान’ निस्संदेह शानदार फिल्म है। ‘मसान’ की टीम को बधाई।
शबाना आजमी : ‘मसान’ सचमुच हिंदी सिनेमा के आने वाले युग की फिल्म है। निर्देशन, लेखन, फोटोग्राफी, अभिनय सब को पहला स्थान। यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।
आयुष्मान खुराना : ‘मसान’ बेहद पसंद आई। ऋचा चड्ढा, संजय मिश्रा, विकी और श्वेता ने कमाल का अभिनय किया।
कल्कि कोच्लिन : एक ही फिल्म में कई शानदार अभिनय।
राजकुमार राव : शानदार फिल्म। हर श्रेणी में उम्दा। घेवन आपको सलाम। आपने सचमुच एक बेहद खास फिल्म बनाई है।
मोनिका डोगरा : ‘मसान’ कमाल की फिल्म है। जरूर देखिए।
dharmpath.com dharmpath