मुंबई, 24 जुलाई (आईएएनएस)। छोटे पर्दे की अभिनेत्री रति पांडेय ने धारावाहिक ‘दीया और बाती हम’ में अपने अभिनेता प्रेमी अनस राशिद के साथ काम करने की अफवाहों का खंडन किया है।
रति ने आईएएनएस को बताया, “मैंने अचानक सभी वेबसाइट और चैनल पर यह खबर पढ़ी। मुझे नहीं मालूम कि क्या चल रहा है। मुझसे ‘दीया और बाती हम’ में किसी भूमिका को निभाने के लिए संपर्क नहीं किया गया।”
ऐसी अटकलें थीं कि रति इसमें धारावाहिक के मुख्य किरदार सूरज राठी (अनस राशिद) की नई प्रेमिका की भूमिका में नजर आएंगी।
धारावाहिक ने तीन माह की लीप ली है। लीप के बाद दिखाया जा रहा है कि सूरज की पत्नी संध्या (दीपिका सिंह) का अपहरण हो गया है, जिससे सूरज का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। सूरज की भाभो (नीतू वघेला) को लगता है कि नई लड़की के आने से बेटा ठीक हो जाएगा। इसलिए भाभो उसकी जिंदगी में नई लड़की को लाने में जुटी हुई है।
रति और अनस एक-दूसरे को काफी समय से डेट कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath