व्लादिवोस्तोक (रूस), 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम यहां जारी 50 हजार डॉलर इनामी रसियन ओपन ग्रांड प्रिक्स आयोजन के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में शनिवार को हार गए।
जयराम के अलावा पुरुष युगल में मनु अत्री और बी. सुमीत रेड्डी को भी हार मिली। इसी तरह मिश्रित युगल में अक्षय देवाल्कर और प्राजक्ता सावंत की जोड़ी को भी सेमीफाइनल में हार मिली।
तीसरे वरीय जयराम को इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो ने 33 मिनट में 21-17, 21-7 से हराया। दोनों के बीच यह तीसरी भिडंत थी। तीनों ही मौकों पर टॉमी विजयी रहे हैं।
मनु और रेड्डी को रूस के व्लादिमीर इवानोव और इवान सोजोनोव की जोड़ी ने 43 मिनट में 19-21, 21-7, 21-16 से हराया।
देवाल्कर और सावंत को जापान के युता वातानेबे और आरिसा हिगासिनो की जोड़ी ने 22 मिनट में 21-10, 21-8 से पराजित किया।
इस टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath