बार्सिलोना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना के अध्यक्ष जोसेप मारिया बाटरेमेयू ने आगामी सत्र में टीम के और प्रतिस्पर्धी होने का वादा किया है तथा सत्र में छह खिताब जीतने का लक्ष्य रखा है।
बार्सिलोना पिछले सत्र में तिहरा खिताब, चैम्पियंस लीग, स्पेनिश लीग और स्पेनिश कप, जीतने में सफल रही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शनिवार को बाटरेमेयू के हवाले से कहा, “पिछला वर्ष बार्सिलोना के इतिहास का शायद सबसे सफल सत्र रहा, क्योंकि पिछले सत्र में हमने हर चीज हासिल की।”
बाटरेमेयू ने कहा, “इस वर्ष हम उसी टीम के साथ काम करने की कोशिश करेंगे, साथ ही टीम को और प्रतिस्पर्धी बनाने वाले कुछ नए खिलाड़ियों को भी जोड़ा गया है, जैसे एर्डा तुरान और एलीक्स विडाल।”
उन्होंने कहा, “मेरे विचार से हमारी टीम और प्रतिस्पर्धी साबित होगी। इस वर्ष हमारे पास छह खिताब जीतने का मौका है, जिसमें ला लीगा, कोपा डेल रे, चैम्पियंस लीग, स्पेनिश सुपर कप, यूरोपीयन सुपर कप और वर्ल्ड क्लब कप हम जीतना चाहते हैं। यह आसान नहीं होगा, लेकिन हम इसी लक्ष्य के साथ उतरेंगे।”
dharmpath.com dharmpath