डेवोनपोर्ट (आस्ट्रेलिया), 26 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के कुश कुमार ने जूनियर स्तर पर कई सफलता हासिल करने के बाद रविवार को सीनियर प्रोफेशनल सर्किट में अपना पहला खिताब जीता।
कुश ने यहां आयोजित पांच हजार डॉलर इनामी तस्मानिया ओपन खिताब अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट को प्रफेशनल स्क्वॉश एसोसिएशन (पीएसए) आयोजन का दर्जा प्राप्त है।
टूर्नामेंट के तीसरे वरीय कुश ने फाइनल में इंग्लैंड के जेमी हेकॉक्स को 11-4, 11-5, 13-11 से हराया।
14 साल की उम्र से ही चेन्नई स्थित भारतीय स्क्वॉश अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे कुश ने पहले दौर में आस्ट्रेलिया के रोहन टूरे को हराया था और फिर दूसरे दौर में इंग्लैंड इंग्लैंड के रोबर्ट डॉनर को हराया।
तीसरे दौर में कुश ने थॉमस काल्वर (आस्ट्रेलिया) को हराया और फिर सेमीफाइनल में आयरलैंड के सीन कॉनरॉय को 11-5, 11-5, 11-2 से पराजित किया।
dharmpath.com dharmpath