गायिका व्हिटनी की बेटी बॉबी क्रिस्टीना का निधन

लॉस एंजेलिस, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर दिवंगत गायिका व्हिटनी ह्यूस्टन की बेटी बॉबी क्रिस्टीना ब्राउन का रविवार को निधन हो गया। ह्यूस्टन परिवार के एक प्रतिनिधि ने बताया कि 22 वर्षीया बॉबी क्रिस्टीना पिछले करीब छह माह से कोमा में थीं।

‘सीएनएन’ चैनल की रपट के अनुसार, ह्यूस्टन परिवार के प्रतिनिधि ने एक बयान में कहा, “बॉबी क्रिस्टीना ब्राउन ने रविवार (26 जुलाई) को अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। आखिरकार उन्हें ईश्वर के आगोश में सुकून मिल गया। हम इन पिछले कुछ महीनों में मिले बेशुमार प्यार और समर्थन के लिए एक बार फिर सबका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं।”

बॉबी क्रिस्टीना 31 जनवरी को पश्चिमोत्तर जॉर्जिया के रोसवेल शहर में अपने घर में बाथ टब में मिली थीं। उनमें कोई हरकत नहीं हो रही थी, जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल और उसके बाद एक अन्य चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया। करीब तीन साल पहले उनकी मां व्हिटनी ह्यूस्टन की भी बेवर्ली हिल्स स्थित अपने घर के बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से मौत हो गई थी।

व्हिटनी और गायक बॉबी ब्राउन की बेटी बॉबी क्रिस्टीना गायिका और टेलीविजन हस्ती थीं। 2007 में माता-पिता का तलाक होने के बाद वह अपनी मां के करीब आईं।

मां की मौत ने बॉबी क्रिस्टीना को झकझोर दिया। उन्होंने मार्च 2012 में मशहूर टॉक शो मेजबान ओप्रा विन्फ्रे को दिए साक्षात्कार में बताया था कि वह किस तरह उस सदमे से उबरने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने विन्फ्रे को बताया था, “कोई नहीं जानता कि वह (व्हिटनी) कितनी जोशपूर्ण और जिंदादिल थीं। वह न केवल मां बल्कि जिगरी दोस्त भी थीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493