सोमालिया में चीनी दूतावास ने कहा कि उसके एक सशस्त्र सुरक्षाकर्मी की हमले में घायल होने के बाद मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। चीनी दूतावास के कार्यालय जजीरा होटल के उसी इमारत में है, जिसपर हमला हुआ था।
मोगादिशु के पुलिस अधिकारी अब्दुल्ला मोहम्मद ने इससे पहले कहा था कि आत्मघाती हमलावर ने होटल के दरवाजे पर कार में विस्फोट कर दिया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश नागरिक हैं।
मोगादिशु अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के निकट स्थित छह मंजिला इमारत सोमालिया की राजधानी के लग्जरी होटलों में से एक है, जिसमें विदेशी दूतावासों के कार्यालय हैं और कभी-कभी इसमें सरकार की उच्चस्तरीय बैठकें भी होती हैं।
चीनी दूतावास ने इससे पहले कहा था कि विस्फोट में उसके कुछ कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
सोमालिया के आतंकवादी संगठन अल-शबाब ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह हमला दक्षिणी सोमालिया के दिनसूर तथा बारधेरे में अफ्रीकी संघ तथा सोमालियाई सुरक्षा बलों के अभियान का बदला है।
मोगादिशु में शनिवार को सोमालिया के एक सांसद की हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लेने का दावा भी अल-शबाब ने ही किया था।
dharmpath.com dharmpath