नैरोबी, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बीजिंग में अगले महीने होने वाले विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में केन्या अपने एथलीटों को दो-दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेने से हतोत्साहित कर रहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, केन्या के दो एथलीट, ओलम्पिक में 5,000 मीटर स्पर्धा के रजत पदक विजेता विवियन चेरुयोट और विश्व चैम्पियनशिप में 1,500 मीटर के विजेता आस्बेल किपरोप ने बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में दो-दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेने की मंशा जाहिर की थी, हालांकि अभी इस पर निर्णय लिया जाना बाकी है।
एथलेटिक्स केन्या (एके) के प्रभारी उपाध्यक्ष डेविड ओकेयो ने कहा है कि एथलीटों को केन्या में इसी सप्ताहांत पर होने वाले ट्रायल में सिर्फ अपने विशेषज्ञता प्राप्त स्पर्धाओं में ही हिस्सा लेना चाहिए अन्यथा उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होने के लिए तैयार रहना होगा।
ओकेयो ने मंगलवार को कहा, “हम चाहते हैं कि खिलाड़ी जिस स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ हों उसी में हिस्सा लें। राष्ट्रीय ट्रायल्स या विश्व चैम्पियनशिप कोई जुआ नहीं है और हम वहां अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को देखना चाहते हैं, जिनसे स्वर्ण पदक की संभावना सर्वाधिक हो।”
dharmpath.com dharmpath