एजबेस्टन टेस्ट : बड़ी जीत के साथ इंग्लैंड ने बनाई 2-1 की बढ़त (लीड-1)

बर्मिघम, 31 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने अपने हरफनमौला खेल के दम पर एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर खेले गए तीसरे एशेज टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को आस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

दूसरे टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया के हाथों 405 रनों की करारी शिकस्त झेलने के बाद शानदार वापसी करने वाली इंग्लिश टीम ने इस जीत के साथ मजबूती से उबरी है। इंग्लैंड ने कार्डिफ में खेला गया पहला मुकाबला 169 रनों से जीता था।

खास बात यह है कि लॉर्ड्स में करारी शिकस्त के बाद इंग्लिश टीम ने जोरदार वापसी की और तीन दिन से भी कम समय में आस्ट्रेलिया को धूल चाटने पर मजबूर किया। ऐसा लग नहीं रहा था लेकिन आस्ट्रेलियाई कोच ट्रेवर बेलिस की देखरेख में इंग्लैंड ने जानकारों को भी झूठा साबित कर दिया।

मैन ऑफ द मैच चुने गए स्टीवन फिन (79-6) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 265 रनों पर समेटने के बाद इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जीत के लिए 121 रनों का लक्ष्य दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसमें इयान बेल का शानदार अर्धशतक शामिल है। बेल ने 65 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि जोए रूट ने नाबाद 38 रन बनाए।

रूट और बेल ने 51 रनों के कुल योग पर दूसरा विकेट गिरने के बाद तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। इंग्लैंड ने कप्तान एलिस्टर कुक (7) और एडम लिथ (12) के विकेट गंवाए। बेल ने 90 गेंदों पर 10 चौके लगाए जबकि रूट ने 63 गेंदों का सामना कर छह चौके और एक छक्का जड़ा।

जेम्स एंडरसन (47-6) के शानदार खेल की बदौलत आस्ट्रेलिया की पहली पारी मात्र 136 रनों पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली में 281 रन बनाए थे। इसके बाद उसने फिन के कमाल के दम पर आस्ट्रेलिया को एक बार फिर सस्ते में समेटा और अपने लिए जीत की जमीन तैयार की।

इंग्लैंड के लिए बुरी खबर यह है कि एंडरसन टेस्ट मैच में नहीं खेल सकेंगे। शरीर में अकड़न के कारण एंडरसन तीसरे टेस्ट में सिर्फ आठ ओवर गेंदबाजी कर सके। अब देखने वाली बात है कि इंग्लिश टीम में एंडरसन का स्थान कौन लेगा। चौथा टेस्ट मैच 6 अगस्त से ट्रेंट ब्रिज में शुरू होगा और पांचवां टेस्ट 20 अगस्त से ओवल में खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493