मुंबई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्म ‘क्वीन’ में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली कंगना रनौत के प्रशंसकों में सिने जगत के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। वह इस फिल्म के प्रदर्शन के बाद पहले ही उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेजकर बधाई दे चुके हैं। अब उन्होंने कंगना को ‘प्रतिभावान और बेहतरीन’ अभिनेत्री बताया है।
अमिताभ और कंगना पहली बार दर्शकों को एक साथ रुपहले पर्दे पर नजर आने वाले हैं। वे राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। अमिताभ ने इस बारे में ट्विटर पर लिखा, “काम के दौरान एक अद्भुत प्रतिभा देखने को मिली, वह कंगना रनौत हैं.. वह बहुत अच्छी हैं.. और बेहद प्रतिभावान तथा बेहतरीन हैं।”
अमिताभ ने कंगना के साथ अपनी एक तस्वीर भी ट्विटर पर साझा की। उन्होंने हिरानी की भी तारीफ की और लिखा, “फिल्म के सेट पर एक और प्रतिभा देखने को मिली, जो राजकुमार हिरानी हैं।”
dharmpath.com dharmpath