पेरिस, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अर्जेटीना के स्टार फुटबालर एंजेल दे मारिया ने फ्रेंच लीग-1 क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के साथ करार कर लिया है।
मारिया रविवार को मेडिकल टेस्ट में शरीक हुए। क्लब ने मारिया के साथ करार के लिए 4.4 करोड़ पाउंड खर्च किए हैं।
27 साल के मारिया के लिए बीता सत्र अच्छा नहीं रहा था। इंग्लिश प्रीयिमर लीग के अग्रणी क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए खेलते हुए वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके थे।
इसके बावजूद पीएसजी के कर्ताधर्ता यह मानते हैं कि मारिया आज की तारीख में विश्व फुटबाल के सबसे खतरनाक विंगरों में से एक हैं। उनकी शानदार रफ्तार और बेहतरीन पास देने की कला बेमिसाल है।
मारिया ने बीते सत्र में युनाइटेड के लिए सिर्फ 32 मैच खेले। वह चार गोल करने में सफल रहे और 12 गोल करने में अपने साथियों की मदद की थी।
dharmpath.com dharmpath