नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी महासंघ ने महिला तीरंदाजों को प्रोत्साहित करने को लेकर भारतीय तीरंदाजी संघ के प्रयासों की सराहना की है और उसे इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहने के लिए पुरस्कृत भी किया है।
भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के महासचिव अनिल कामिनेनी ने मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। अनिल ने बताया कि कोपनहेगेन में इसी महीने समाप्त हुए विश्व तीरंदाजी महासंघ की कांग्रेस में भारत के प्रयासों को सराहा गया।
अनिल ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी महासंघ कांग्रेस ने महिला तीरंदाजों को प्रोत्साहित करने की दिशा में हमारे प्रयासों से खुश होकर भारत को पुरस्कृत किया है और उसके प्रयासों को जमकर सराहा। दूरदर्शन भारत में आयोजित होने वाले तीरंदाजी के आयोजनों का सीधा प्रसारण करता है और इससे अंतर्राष्ट्रीय महासंघ काफी खुश है। हम इस सहयोग के लिए दूरदर्शन का धन्यवाद करते हैं।”
अनिल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी महासंघ ने इस बात को लेकर खुशी जाहिर की कि भारत में हर साल कम से कम चार नेशनल रेटिंग टूर्नामेंट का आयोजन होता है, जिससे कि जमीनी स्तर पर तीरंदाजी को बढ़ावा मिलता है।
कोपनहेगेन में ही आयोजित विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत ने पहली बार महिला रिकर्व टीम स्पर्धा और पुरुष कम्पाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत जीता। भारत ने किसी विश्व चैम्पियनशिप में पहली बार दो पदक जीते हैं।
dharmpath.com dharmpath