काबुल, 4 अगस्त (आईएएनएस)। तालिबान के सरगना मुल्ला उमर के मारे जाने के बाद मंगलवार को अफगान मीडिया ने उसके बेटे के भी मारे जाने का दावा किया है।
‘डेली आउटलुक’ की रपट के अनुसार, सांसद जहीर कादिर ने बताया, “मुल्ला उमर का बेटा मुल्ला याकूब कुछ दिनों पहले मारा गया।”
कादिर के अनुसार, मुल्ला याकूब ने अपने पिता की मौत के बाद तालिबान का नेतृत्व अपने हाथों में लेने की कोशिश की थी, लेकिन मुल्ला अख्तर मोहम्मद मंसूर गुट ने उसकी हत्या कर दी, जिसे उसके समर्थकों ने मुल्ला उमर के मारे जाने के बाद तालिबान का सरगना नियुक्त किया था।
तालिबान ने फिलहाल मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला याकूब के मारे जाने से संबंधित दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
मुल्ला उमर के मारे जाने के बाद तालिबान में अलगाववाद नजर आया, जिसकी गुरुवार को तालिबान ने पुष्टि भी कर दी।
तालिबान के मुल्ला हसन रहमानी और मुल्ला रजाक अकंद सहित कुछ अन्य ताकतवर सदस्यों ने मुल्ला मंसूर द्वारा नेतृत्व अपने हाथों में लिए जाने को चुनौती दी है। वहीं दूसरी ओर, मुल्ला मंसूर के समर्थकों ने तालिबान आतंकवादियों को उसके पक्ष में लामबंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मीडिया रपटों के अनुसार, मुल्ला मंसूर के समर्थकों और विरोधियों के बीच पिछले दो दिनों में अफगानिस्तान के उत्तर में स्थित कुंदुज प्रांत और पश्चिम में हेरात के कुछ हिस्सों में जबरदस्त लड़ाई हुई है।
dharmpath.com dharmpath