ले टोक्वे (फ्रांस), 4 अगस्त (आईएएनएस)। चिंगलेनसाना सिंह और एस. वी. सुनील के शानदार गोलों की मदद से यूरोप दौरे पर आई भारतीय हॉकी टीम ने सोमवार को खेले गए पहले टेस्ट में फ्रांस को 2-0 से हरा दिया।
दो मैचों की सीरीज में भारत ने इसके साथ ही 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट मैच बुधवार को होगा।
सोमवार को हुए मैच में चिंगलेनसाना ने भारत के लिए पहला गोल किया और फिर सुनील ने स्कोर को दोगुना करते हुए भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
दोनों ही टीमों ने आक्रामक शुरुआत की और पहला गोल हासिल करने के लिए उनके बीच कड़ी होड़ देखी गई।
दोनों ओर से कई तेज हमलों के बीच चिंगलेनसाना फ्रांस के पाले में प्रवेश करने में सफल रहे और मैच के 18वें मिनट में तेज शॉट के साथ मैच का पहला गोल कर दिया।
पहले गोल के साथ बढ़त हासिल करने के बाद आठवीं विश्व वरीय भारतीय टीम ने मैदान पर नियंत्रण बना लिया और फ्रांस को दबाव में ला दिया।
भारतीय टीम ने अधिकांश समय गेंद पर कब्जा जमाए रखा और फ्रांस को कोई मौका नहीं लेने दिया।
कप्तान सरदार सिंह, मिडफील्डर एस. के. उथप्पा, दानिश मुज्तबा और देविंदर वाल्मिकी बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे और कई मौके बनाए। इस बीच स्ट्राइकर सुनील ने आकाशदीप सिंह और रमनदीप सिंह के साथ फ्रांस पर कई हमले भी किए।
लगातार दबाव बनाते हुए किए गए हमलों का भारत को जल्द ही फायदा मिला और मैच के 26वें मिनट में सुनील ने ड्रिबलिंग के जरिए फ्रांस के डिफेंडरों को छकाते हुए मैच का दूसरा गोल कर दिया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम ने फ्रांस को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में हालांकि फ्रांस ने कई जोरदार हमले किए, लेकिन भारतीय गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश ने शानदार बचाव करते हुए टीम की बढ़त को बरकरार रखा।
भारत ने बीते एक महीने में फ्रांस पर लगातार दूसरी जीत हासिल की है। उसने जुलाई में बेल्जियम में आयोजित हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में भी फ्रांस को मात दी थी और चौथे स्थान पर रहा था।
मुख्य कोच पॉल वैन ऐस की विदाई और उच्च गुणवत्ता निदेशक रोएलांट ऑल्टमैंस की मुख्य कोच के रूप में नियुक्ति के बाद यह भारत का पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच था।
भारतीय टीम का यह यूरोपीय दौरा इसी वर्ष नवंबर-दिसंबर में होने वाले हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल्स की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath