नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम की स्ट्राइकर रानी रामपाल के सामने सहायक कोच बनने की पेशकश रखी है।
साई ने कहा कि रानी की ‘उपलब्धियों’ को ध्यान में रखते हुए उन्हें इस अहम पद की पेशकश दी गई है।
साई ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “यह कदम युवा हॉकी खिलाड़ियों का प्रोत्साहन बढ़ाने के उद्देश्य से भी उठाया गया है। साई में उनकी नियुक्ति से निश्चित तौर पर भविष्य की खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उनके पास मैचों और अभ्यास के अलावा जब भी समय होगा, प्रशिक्षण कौशल में सुधार के लिए जरूरी शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।”
15 वर्ष की छोटी सी अवस्था में भारतीय राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम के लिए 2010 में पदार्पण करने वाली रानी तब से अब तक भारतीय टीम की शीर्ष गोल स्कोरर रही हैं।
कजान में 2009 में हुए चैम्पियंस चैलेंज टूर्नामेंट में वह टीम की सर्वोच्च स्कोरर रहीं, साथ ही उन्हें यंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था।
जूनियर विश्व कप-2013 में भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने और रियो ओलम्पिक-2016 के लिए क्वालीफाई करने में भी रानी की अहम भूमिका रही।
dharmpath.com dharmpath