टाटा स्टील का शुद्ध लाभ 126.18 फीसदी बढ़ा

कोलकाता, 11 अगस्त (आईएएनएस)। टाटा स्टील लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की प्रथम तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 126.18 फीसदी बढ़ा। इस दौरान कुल आय हालांकि कम रही।

कंपनी ने अपने बयान में कहा कि शुद्ध लाभ 337.33 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक तिमाही पहले कंपनी को 5,702.28 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

कुल समेकित आय इस दौरान 16.82 फीसदी घटकर 30,300.33 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 36,427.21 करोड़ रुपये थी।

मुख्य कारोबार इस्पात खंड में समेकित उत्पादन में 16.29 फीसदी कमी आई, जबकि एकल आधार पर इसमें 12.03 फीसदी कमी रही।

एकल आधार पर शुद्ध लाभ 44.95 फीसदी कम रहा। कंपनी ने कहा कि एकल आधार पर शुद्ध लाभ 1,248.61 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि में 2,267.98 करोड़ रुपये था।

एकल आधार पर कुल आय इस दौरान 13.13 फीसदी घटकर 9,093.71 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 10,468.26 करोड़ रुपये थी।

आलोच्य तिमाही में कंपनी ने अपनी कुछ संपत्तियों में अपनी हिस्सेदारी बेची है।

टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड में हिस्सेदारी बेचने से कंपनी को 105.14 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। यूरोप की दो संयुक्त उपक्रम कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेचने से उसे 52.64 करोड़ रुपये की आय हुई। धर्मा पोर्ट कंपनी लिमिटेड में हिस्सेदारी बेचने से कंपनी को 1,270.21 करोड़ रुपये का लाभ हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493